बदायूं
थाने की बोलेरो में ‘उगाही गैंग’! हाफ नेकर-बनियान में पहुंचा चालक, किसान से मांगे पैसे, ग्रामीणों ने घेर लिया तो भाग खड़ा हुआ
मूसाझाग। थाना क्षेत्र के गांव गंगपुर में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब थाने पर तैनात बताए जा रहे बोलेरो चालक ने सरकारी रौब दिखाकर एक किसान को कथित तौर पर धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि चालक बिना वर्दी, हाफ नेकर और बनियान पहनकर सरकारी बोलेरो से गांव पहुंचा और किसान से “खर्चे” के नाम पर रुपये मांगने लगा। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचते ही माहौल गरमा गया और खुद को घिरता देख चालक सरकारी गाड़ी लेकर मौके से भाग निकला। घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस की कार्यशैली को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
बताया जाता है कि गांव गंगपुर निवासी किसान अनेकपाल सिंह अपने मकान का निर्माण करा रहे थे। मकान के मुख्य दरवाजे के पास खड़े नीम के पेड़ की एक पतली टहनी दीवार निर्माण में बाधा बन रही थी, जिसे किसान ने शुक्रवार सुबह कटवा दिया। इसी बीच किसी ग्रामीण ने मामले की सूचना थाने पर तैनात बोलेरो चालक गुरदीप सिंह विश्नोई को दे दी।
आरोप है कि सूचना मिलते ही चालक आनन-फानन में सरकारी बोलेरो लेकर गांव पहुंच गया। उसके साथ एक कांस्टेबल और एक होमगार्ड भी मौजूद थे। ग्रामीणों का कहना है कि चालक ने गांव पहुंचते ही किसान पर रौब झाड़ना शुरू कर दिया और गाली-गलौज करते हुए जेल भेजने की धमकी देने लगा। आरोप है कि उसने किसान से कहा कि “अगर बचना है तो खर्चे की व्यवस्था कर दे।”
किसान अनेकपाल सिंह द्वारा रुपये देने से इनकार किए जाने पर मामला और गरमा गया। चालक कथित तौर पर हंगामा करने लगा, जिसके बाद गांव के तमाम लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने चालक को घेर लिया और उससे सवाल-जवाब शुरू कर दिए। खुद को चारों तरफ से घिरता देख चालक मौके से सरकारी बोलेरो लेकर तेजी से भाग निकला।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। गांव में चर्चा है कि उक्त चालक अक्सर शराब के नशे में रहता है और थाने पर आने वाले फरियादियों से गेट पर ही अवैध वसूली करता है। आरोप यह भी है कि रुपये न देने वालों को कार्रवाई न होने या झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती है।
इस पूरे मामले को लेकर जब प्रभारी निरीक्षक से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है। यदि इस प्रकार की कोई घटना हुई है तो यह गलत है। मामले की जानकारी लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com