2:29 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

चलते-चलते बनी आग का गोला! मदर पब्लिक स्कूल की बस धू-धू कर जली

बदायूं

चलते-चलते बनी आग का गोला! मदर पब्लिक स्कूल की बस धू-धू कर जली, सड़क से वर्कशॉप तक मचा हड़कंप

बदायूं। शहर में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मदर पब्लिक स्कूल की एक बस अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते बस से धुआं उठने लगा और कुछ ही मिनटों में पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। घटना के दौरान सड़क पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई, जबकि आसपास के दुकानदार और वर्कशॉप कर्मचारी भी दहशत में आ गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक बदायूं शहर के उझानी रोड स्थित मदर पब्लिक स्कूल की बस गुरुवार को काली मिस्त्री के पास ब्रेक ठीक कराने गई थी। मरम्मत के बाद ड्राइवर बस को वापस स्कूल लेकर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही बस बिल्सी मोड़ के पास पहुंची, उसमें से तेज धुआं निकलने लगा। सड़क पर गुजर रहे लोगों ने ड्राइवर को इशारा कर बस से धुआं निकलने की जानकारी दी, जिसके बाद चालक बस को आनन-फानन में पास के एक वर्कशॉप तक ले गया।
लेकिन वर्कशॉप पहुंचते-पहुंचते हालात बेकाबू हो गए और बस में अचानक भीषण आग लग गई। ड्राइवर ने बाहर निकलकर आग बुझाने की कोशिश की, मगर आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते बस जलकर खाक हो गई।
ड्राइवर का कहना है कि बस में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लगी। हालांकि घटना के बाद शहर में स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि अगर बस में बच्चे मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
वहीं स्कूल प्रबंधन का कहना है कि बस पूरी तरह सही थी और केवल ब्रेक का काम कराने के लिए भेजी गई थी। लौटते समय अचानक शॉर्ट सर्किट होने से यह हादसा हो गया।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस