2:00 am Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

मुजरिया- शव को थाने के सामने रखकर जमकर हंगामा किया

बदायूं में बवाल: मारपीट में घायल युवक की मौत के बाद थाने पर हंगामा, पुलिस पर लाठीचार्ज के आरोप

बदायूं। जनपद के मुजरिया थाना क्षेत्र में मारपीट में घायल हुए एक व्यक्ति की मौत के बाद बुधवार रात हालात तनावपूर्ण हो गए। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को थाने के सामने रखकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही, लाठीचार्ज और महिलाओं के साथ अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए हैं। देर रात तक थाने के बाहर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार मुजरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सिकंदराबाद निवासी संजय पुत्र मुन्नालाल (48 वर्ष) बीती 14 मई की शाम अपने साथियों के साथ कादरचौक थाना क्षेत्र के ग्राम सरकरे से दावत खाकर वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में संजय अपने साथियों से आगे निकल गए। जब साथी पीछे से पहुंचे तो उन्होंने देखा कि कुछ लोग संजय के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे थे। साथियों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी एक सफेद रंग की फोर व्हीलर गाड़ी में सवार थे। मौके पर मौजूद लोगों ने गाड़ी की फोटो भी खींच ली और नंबर नोट कर लिया। इसके बावजूद आरोपियों की पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मारपीट के बाद संजय गंभीर हालत में अचेत पड़े मिले। परिजन पहले उन्हें बदायूं के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत नाजुक होने पर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे संजय ने दम तोड़ दिया।
संजय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजन शव लेकर सीधे मुजरिया थाने पहुंच गए और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। परिजनों का कहना था कि घटना के बाद समय रहते सख्त कार्रवाई होती तो शायद संजय की जान बच सकती थी।
इसी बीच पोस्टमार्टम को लेकर विवाद और बढ़ गया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस जल्दबाजी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराना चाहती थी, जबकि परिवार के लोग अन्य रिश्तेदारों के आने का इंतजार करने की बात कह रहे थे। इसी बात को लेकर माहौल गरमा गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें महिलाओं समेत कई लोगों को चोटें आईं। कुछ लोगों ने पुलिस पर मोबाइल फोन छीनने और धक्का-मुक्की करने के भी आरोप लगाए हैं। थाने के बाहर देर रात तक भारी भीड़ जमा रही और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी होती रही।
बताया जा रहा है कि रात करीब एक बजे तक पोस्टमार्टम को लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद चलता रहा। हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर बुलाया गया। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.