वेतन भुगतान न होने पर एनएचएम संविदा कर्मियों का कार्य बहिष्कार, स्वास्थ्य सेवाएं हुईं प्रभावित
बदायूं। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर गुरुवार को जिले भर में संविदा कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर अधिकांश ओपीडी व्यवस्थाएं ठप रहीं, जिससे जिले की स्वास्थ्य सेवाएं दिनभर प्रभावित रहीं। कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर लंबित वेतन भुगतान की मांग उठाई।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जिले में करीब 1200 अधिकारी और कर्मचारी कार्यरत हैं, जिन्हें पिछले दो माह से वेतन नहीं मिला है। इसी के विरोध में 18 मई से 20 मई तक काला फीता बांधकर विरोध जताया गया था, जबकि 21 मई को आकस्मिक सेवाएं जारी रखते हुए कार्य बहिष्कार किया गया।
जिलाध्यक्ष कृष्णबल्लभ चतुर्वेदी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि यदि जल्द मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। जिला महासचिव डॉ. प्रभाकर मिश्रा ने कहा कि संविदा कर्मचारी पूरी निष्ठा से स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं, इसके बावजूद सरकार का रवैया उपेक्षापूर्ण बना हुआ है। वहीं जिला संगठन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा धवल ने बताया कि कार्य बहिष्कार के पहले ही दिन जिले की स्वास्थ्य सेवाएं, रिपोर्टिंग कार्य और टीकाकरण व्यवस्था प्रभावित हुई है।
धरना प्रदर्शन के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल की सीएमओ डॉ. मोहन झा के साथ वार्ता हुई। बैठक में सीएमओ ने आश्वासन दिया कि बजट प्राप्त हो चुका है और दो से तीन दिन के भीतर तीन माह का वेतन कर्मचारियों के खातों में भेज दिया जाएगा।
वार्ता के दौरान डिप्टी सीएमओ आरसीएच डॉ. राजवीर गंगवार, चिकित्सा अधीक्षक सहसवान डॉ. प्रशांत त्यागी, प्रशासनिक अधिकारी अरुण अग्निहोत्री, लेखा लिपिक शैलेंद्र गुप्ता सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। फिलहाल कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार जारी है।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

