3:22 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में बिजली व्यवस्था ध्वस्त: केबल बनी चिंगारी, तार बने फंदा, ट्रांसफार्मर हांफ-हांफ कर फुंके

उझानी में बिजली व्यवस्था ध्वस्त: केबल बनी चिंगारी, तार बने फंदा, ट्रांसफार्मर हांफ-हांफ कर फुंके।

5 MVA ट्रांसफार्मर जलने से शहर अंधेरे में डूबा, 2 घंटे भी नहीं मिल रही निर्बाध बिजली, अधिकारी फोन उठाना भूले।

उझानी बदांयू 21 मई ।

भीषण गर्मी में उझानी शहर वाकई ‘नर्क’ बन गया है। बिजली व्यवस्था 100 फीसदी लड़खड़ा चुकी है। आलम ये है कि कहीं केबल में आग लग रही है, तो कहीं जर्जर तार टूटकर जमीन पर मौत बनकर गिर रहे हैं। ट्रांसफार्मर तो मानो गर्मी से हांफ-हांफ कर दम तोड़ रहे हैं। 5 MVA का ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद से हालात और बदतर हो गए हैं। किसी भी फीडर को लगातार दो घंटे भी बिजली नसीब नहीं हो रही।

बिजली विभाग के कर्मचारियों की हालत ये है कि ‘इधर सही करो तो उधर आफत’ वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। एक फॉल्ट ठीक करते हैं तो दूसरी जगह केबल धधक उठती है या तार टूट जाता है। रात-दिन पसीने में तरबतर कर्मचारी भी अब बेबस नजर आ रहे हैं।

जनता की सुनने वाला कोई नहीं। कर्मचारी छोड़िए, अधिकारी भी फोन रिसीव नहीं कर रहे। लोगों का आरोप है कि अधिकारियों ने समस्या सुनने के बजाय एक ‘कंट्रोल रूम ग्रुप’ बना लिया है और उसी के भरोसे पूरा शहर छोड़ दिया है। बिजली गुल होते ही कर्मचारी ग्रुप में मैसेज डाल देते हैं उपभोक्ता अपनी किस्मत को कोस रहे हैं।

अगर यही हाल रहा तो भीषण गर्मी से बेहाल लोगों का सब्र टूटना तय है। लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो बिजलीघर का घेराव शुरू हो जाएगा। बच्चों-बुजुर्गों का गर्मी में बुरा हाल है। इन्वर्टर भी जवाब दे चुके हैं।

लोगों का कहना है”रात भर जागते हैं। दो घंटे लाइट आती है, छह घंटे जाती है। अधिकारी फोन नहीं उठाते। बच्चे बीमार हो रहे हैं। अब बिजलीघर ही जाना पड़ेगा।”

“5 MVA ट्रांसफार्मर फुंकने से लोड बढ़ गया है। ओवरलोड की वजह से लोकल फॉल्ट हो रहे हैं। स्टाफ लगातार काम कर रहा है। नया ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द आपूर्ति सामान्य होगी।” अवर अभियंता, विद्युत विभाग उझानी।


विज्ञापन एक्सप्रेस