बदायूं
लेखपाल मुख्य परीक्षा-2025: डीएम-एसएसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, नकलविहीन परीक्षा के दिए निर्देश
बदायूँ। जनपद में आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा-2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की चेकिंग, सीसीटीवी निगरानी, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम और एसएसपी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं प्रधानाचार्यों से भी व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को सकुशल एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
भ्रमण एवं निरीक्षण के दौरान संबंधित विद्यालयों के व्यवस्थापक, प्रधानाचार्य तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
केशव गुप्ता



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

