बदायूं
बिजली संकट पर फूटा सभासदों का गुस्सा, डीएम को सौंपा ज्ञापन
बदायूँ। नगर पालिका परिषद बदायूँ के विभिन्न वार्डों में लगातार चरमराई विद्युत व्यवस्था को लेकर सभासदों में भारी रोष देखने को मिला। बुधवार को समस्त सभासदगणों ने जिलाधिकारी बदायूँ को ज्ञापन सौंपकर विद्युत विभाग की लापरवाही पर नाराज़गी जताई और जल्द समाधान की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि पिछले कई दिनों से शहर के कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित चल रही है। भीषण गर्मी में लगातार हो रही कटौती से आम जनता का जनजीवन प्रभावित हो गया है। लोगों को रात-दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली गुल रहने से पेयजल व्यवस्था भी ठप पड़ गई है, जिससे नागरिकों में भारी आक्रोश है।
सभासदों ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से शिकायतें दी गईं, साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
सभासदों ने जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर जल्द से जल्द व्यवस्था में सुधार कराया जाए ताकि जनता को राहत मिल सके।
इस दौरान वार्ड नंबर 18 से मोहित सक्सेना, वार्ड नंबर 5 से लियाकत अली, वार्ड नंबर 27 से सभासद पति रफ़ीकुद्दीन, वार्ड नंबर 4 से सभासद प्रेमलता सिंह, वार्ड नंबर 11 से सभासद मनोज कश्यप, वार्ड नंबर 2 से सभापति श्याम पाल सिंह, वार्ड नंबर 10 से सभासद अनवर खां, वार्ड नंबर 14 से सभासद पति अबरार, वार्ड नंबर 20 से सभासद पति उमाशंकर समेत अन्य सभासद मौजूद रहे।
केशव गुप्ता


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

