बदायूं
उसावां में कर्मचारियों की जीत: दो दिन की हड़ताल के बाद झुका प्रशासन, पीएफ और वेतन वृद्धि पर बनी सहमति
उसावां, बदायूं। नगर पंचायत उसावां में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों द्वारा छेड़ी गई अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार दूसरे दिन समाप्त हो गई। लगातार जारी गतिरोध के बाद प्रशासन और कर्मचारियों के बीच हुई अहम वार्ता में कर्मचारियों की प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लिया गया, जिसके बाद नगर पंचायत कार्यालय में राहत और संतोष का माहौल दिखाई दिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रियंका सिंह चौहान, अधिशासी अधिकारी देवेंद्र प्रताप गौतम, ठेकेदार राकेश शर्मा और लिपिक सचिन सक्सेना की मौजूदगी में आयोजित बैठक में कर्मचारियों को भरोसा दिलाया गया कि अब उन्हें पीएफ सुविधा के साथ बढ़ा हुआ वेतन दिया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अगले महीने से नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।
हड़ताल का नेतृत्व कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि अब तक उन्हें प्रतिदिन मात्र ₹336 का भुगतान किया जा रहा था, जबकि बढ़ती महंगाई और कार्यभार के बीच यह राशि बेहद कम थी। कर्मचारी पप्पू के अनुसार, समझौते के बाद अब कर्मचारियों को ₹410 प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाएगा, जिससे लंबे समय से चली आ रही आर्थिक परेशानी में कुछ राहत मिलेगी।
दो दिनों तक चली इस हड़ताल के कारण नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था और कई आवश्यक कार्य प्रभावित रहे, लेकिन समझौता होने के बाद अब सभी सेवाएं दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो गई हैं। कर्मचारियों ने फैसले का स्वागत करते हुए इसे अपनी एकजुटता और संघर्ष की बड़ी जीत बताया।
स्थानीय लोगों का मानना है कि समय रहते समाधान निकल जाने से नगर पंचायत क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था सामान्य हो सकी और कर्मचारियों को भी उनके अधिकार मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com