उघैती। क्षेत्र की गांव खितौरा स्थित बनवारी लाल भारत गैस एजेंसी पर पिछले छह दिनों से गैस सिलेंडर की सप्लाई न मिलने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच गैस लेने पहुंचे लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है, जिससे उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त है।
गांव खितौरा स्थित गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। तेज धूप और उमस भरी गर्मी में महिलाएं, बुजुर्ग और ग्रामीण घंटों तक सिलेंडर मिलने की उम्मीद में खड़े रहते हैं, लेकिन सप्लाई न आने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि एजेंसी खुलने का निर्धारित समय सुबह 8 बजे है, लेकिन एजेंसी प्रतिदिन करीब 10 बजे खोली जा रही है। उपभोक्ताओं ने एजेंसी संचालक पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि गैस उपलब्धता को लेकर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। लोगों का कहना है कि एजेंसी कर्मचारियों द्वारा यह तक नहीं बताया जा रहा कि सिलेंडर कब तक उपलब्ध हो पाएंगे।
उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि पिछले करीब तीन महीनों से गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी पूरी तरह बंद पड़ी है। इसके चलते दूरदराज गांवों के लोगों को स्वयं एजेंसी पहुंचकर सिलेंडर लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं ने अतिरिक्त किराया खर्च कर वाहन से सिलेंडर ढोने की मजबूरी भी बताई।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित गैस कंपनी के अधिकारियों से जल्द सप्लाई व्यवस्था सुचारु कराने, समय से एजेंसी खुलवाने और होम डिलीवरी व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
/रविशंकर
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

