1:47 am Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

*सहसवान में भाजपा नेता और शिक्षक नेता के बीच विवाद का हुआ समझौता, पुलिस जांच के दौरान बनी सहमति*

बदायूं

बदायूं। सहसवान में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी और शिक्षक नेता विशाल मिश्रा के बीच चल रहा विवाद आखिरकार समझौते के साथ खत्म हो गया। दोनों पक्षों ने पुलिस के सामने एक-दूसरे के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई न करने की बात कही, जिसके बाद मामले में सुलहनामा करा दिया गया।
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए थे। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नयागंज निवासी शिक्षक नेता विशाल मिश्रा ने पुलिस को तहरीर देकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी पर व्हाट्सएप कॉल कर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया था।
वहीं दूसरी ओर अनुज माहेश्वरी ने भी पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि विशाल मिश्रा के परिचित के बुलावे पर वह शनिवार देर रात सहसवान में पाठशाला के पास पहुंचे थे, जहां शिक्षक नेता समेत कई लोग मौजूद थे। अनुज माहेश्वरी के अनुसार उस दौरान उनके साथ कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी, लेकिन मौके पर भीड़ जुट जाने से मामला शांत हो गया और वह वहां से निकल गए।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और समझौता हो गया। कोतवाल धनंजय सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्ष अब किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं, इसलिए सुलहनामा कराया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे विवाद की जड़ सोशल मीडिया पर की गई फेसबुक पोस्ट बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि शिक्षक नेता द्वारा की गई कुछ पोस्ट को अनुज माहेश्वरी ने अपने खिलाफ माना था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया था।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.