बिल्सी में कब्रिस्तान के रास्ते पर ‘संग्राम’, लाठी-डंडे चले, 4 महिलाएं समेत 5 घायल।
6 गिरफ्तार, SDM ने संभाला मोर्चा, राजस्व टीम संग पहुंचे मौके पर।
बिल्सी, बदायूं 18 मई ।
कब्रिस्तान के रास्ते को लेकर रविवार को बिल्सी में जमकर बवाल हुआ। जबरन रास्ता निकालने की जिद दो पक्षों में ऐसी टकराई कि बात लाठी-डंडों तक जा पहुंची। मारपीट में चार महिलाओं समेत पांच लोग लहूलुहान हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस दौड़ी और हालात काबू किए।
कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने सख्ती दिखाते हुए दोनों पक्षों से छह लोगों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बेहटा जबीं के सौरभ, हरिओम, धनपाल, शान मोहम्मद, अख्तर अली और शमशाद शामिल हैं। सभी को सोमवार को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
रास्ते के विवाद ने जब तूल पकड़ा तो प्रशासन भी हरकत में आया। बिल्सी एसडीएम राजेश कुमार सिंह सोमवार को खुद राजस्व टीम लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौका-मुआयना किया और स्थानीय लोगों से पूरी जानकारी ली। फिलहाल कोतवाल का दावा है कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है, लेकिन तनाव की चिंगारी पूरी तरह बुझी नहीं है।
बताया जा रहा है कि कब्रिस्तान में जबरन नया रास्ता निकालने को लेकर रविवार सुबह कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com