11:02 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

हजरतपुर- हथियारबंद बदमाशों ने पशुपालक को पीटकर दो भैंसें लूटीं

बदायूं: हथियारबंद बदमाशों ने पशुपालक को पीटकर दो भैंसें लूटीं।

बदांयू 18 मई।

बदायूं के हजरतपुर थाना क्षेत्र के नगरिया रायपुर गांव में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे हथियारबंद बदमाशों ने एक पशुपालक के घर धावा बोलकर दो भैंसें लूट लीं। विरोध करने पर बदमाशों ने पशुपालक और उसके बेटे के साथ मारपीट भी की।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार, चार बदमाश एक लोडर वाहन लेकर रमेश नामक पशुपालक के घर पहुंचे। रमेश गर्मी के कारण पशुशाला के पास ही सो रहे थे। दो बदमाशों ने उन्हें जगाया, जिनमें से एक के पास तमंचा और दूसरे के पास पौनिया थी। जगाते ही बदमाशों ने रमेश को पीटना शुरू कर दिया और चुप रहने को कहा।

शोर सुनकर जब रमेश का बेटा बाहर आया तो बदमाशों ने उसे भी पीट दिया। इस दौरान एक बदमाश दूर खड़ा होकर आसपास नजर रख रहा था, जबकि एक बदमाश पहले से ही लोडर वाहन में बैठा था।

लोडर में लादकर ले गए भैंसें

बदमाशों ने पशुशाला से दो भैंसें खोलीं और उन्हें लोडर वाहन में लादकर फरार हो गए। गैंग के जाने के बाद परिवार ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही पुलिस ने रात में ही घटनास्थल का मुआयना किया। एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि घटना का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि गैंग की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस