7:51 pm Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

बरेली में RailOne ऐप से पेपरलेस यात्रा को बढ़ावा, यात्रियों की मिली-जुली प्रतिक्रिया

बरेली में RailOne ऐप से पेपरलेस यात्रा को बढ़ावा, यात्रियों की मिली-जुली प्रतिक्रिया।

बरेली, 17 मई 2026।

विश्व पर्यावरण दिवस 2026 अभियान के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने रविवार को अपने स्टेशनों पर RailOne ऐप के जरिए डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया।

मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में रेल कर्मचारियों ने यात्रियों को मोबाइल से टिकट बुकिंग, डिजिटल भुगतान और पेपरलेस यात्रा के फायदे बताए। स्टेशनों पर उद्घोषणा और पोस्टरों के जरिए समझाया गया कि डिजिटल टिकटिंग से समय बचता है और कागज की खपत घटने से पर्यावरण को फायदा होता है।


वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने कहा कि RailOne ऐप एक ही प्लेटफॉर्म पर टिकट, पूछताछ और अन्य सेवाएं देता है। कागज रहित व्यवस्था से कार्बन फुटप्रिंट कम होगा और हरित रेलवे का लक्ष्य पूरा होगा। मंडल ने यात्रियों से स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था में सहयोग की अपील की।

कई युवा यात्रियों ने ऐप को सुविधाजनक बताया। बरेली जंक्शन पर मिली कासगंज की छात्रा प्रिया ने कहा कि UTS से टिकट लेना आसान है और लाइन में नहीं लगना पड़ता।

वहीं कुछ बुजुर्ग और ग्रामीण यात्रियों ने दिक्कतें भी गिनाईं। पीलीभीत जा रहे रामस्वरूप ने बताया कि स्मार्टफोन न होने और नेटवर्क की समस्या से ऑनलाइन टिकट मुश्किल होता है। काउंटर पर ही भरोसा रहता हैं।

पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल टिकटिंग सही दिशा में कदम है, पर इसे सफल बनाने के लिए रेलवे को स्टेशनों पर मदद केंद्र बढ़ाने होंगे और ऑफलाइन विकल्प भी बनाए रखने होंगे।

इज्जतनगर मंडल ने भरोसा दिया है कि जागरूकता के साथ-साथ यात्री सहायता बूथ भी बढ़ाए जाएंगे ताकि कोई यात्री पीछे न छूटे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.