बदायूं: गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, शव लेकर बिहार जा रही कार को ट्रक ने रौंदा; छह घायल।
बदांयू 17 मई।
गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक और सड़क हादसे ने सबको झकझोर दिया। दिल्ली से अपने साढू का शव लेकर बिहार के छपरा जा रहे परिवार की कार को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।
बिहार के छपरा निवासी रणजीत सिंह अपने साढू रंजीत का इलाज कराने दिल्ली गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शनिवार को रणजीत सिंह परिजनों निकी कुमारी, इंद्रजीत सिंह, अनिकेत व अन्य के साथ शव लेकर कार से छपरा लौट रहे थे। तड़के करीब 3 बजे थाना हजरतपुर क्षेत्र में नगरिया खनू और कुंद्रा मजरा के बीच पीछे से आए ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार डिवाइडर से जा टकराई।
चीख-पुकार सुनकर एक्सप्रेसवे कंट्रोल रूम ने तुरंत एंबुलेंस भेजी। गंभीर रूप से घायल रणजीत सिंह 38, पत्नी निकी कुमारी 32, इंद्रजीत सिंह 32 और अनिकेत 18 को दातागंज सीएचसी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। कार चालक रोहित को मामूली चोटें आईं।
हादसे के बाद घायल चालक रोहित करीब तीन घंटे तक शव और क्षतिग्रस्त कार के पास ही बैठा रहा। बाद में परिजनों ने दूसरी गाड़ी का इंतजाम कर शव के साथ छपरा के लिए रवाना हुए।
कोतवाल हजरतपुर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार ट्रक की तलाश में एक्सप्रेसवे के सीसीटीवी खंगाल रही है।
इसी दौरान वजीरगंज क्षेत्र में करकटपुर पुलिया के पास सुबह 4 बजे गाजियाबाद से बनारस जा रही कार डिवाइडर से टकरा गई। लुधियाना निवासी चंदन राम 43 और गाजियाबाद निवासी मोनू 26 घायल हुए। गनीमत रही कि एयरबैग खुलने से दोनों की जान बच गई। सीएचसी में इलाज के बाद दोनों खतरे से बाहर हैं।
लगातार हो रहे हादसों के बाद भी गंगा एक्सप्रेसवे पर रफ्तार पर लगाम नहीं लग रही। तेज रफ्तार, झपकी और लापरवाही हर हफ्ते किसी न किसी परिवार पर भारी पड़ रही है।
—
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

