सीसीटीवी, ई-चालान ऐप और पुलिस की मुस्तैदी से मिला 61 हजार रुपये व सोने की अंगूठी से भरा बैग
बदायूँ यातायात पुलिस की तत्परता और टेम्पो चालक की ईमानदारी बनी मिसाल, घंटों की मशक्कत के बाद पीड़ित को लौटाया गया पूरा सामान
बदायूँ। जनपद बदायूँ में यातायात पुलिस की सक्रियता, तकनीकी निगरानी और एक टेम्पो चालक की ईमानदारी ने इंसानियत की मिसाल पेश की है। पुलिस लाइन चौराहे के पास खोया हुआ एक बैग, जिसमें 61,300 रुपये नकद, सोने की अंगूठी, मोबाइल फोन, घड़ी और अन्य जरूरी सामान रखा था, उसे यातायात पुलिस ने अथक प्रयासों के बाद बरामद कर उसके वास्तविक मालिक को सकुशल सौंप दिया। इस कार्रवाई की शहरभर में सराहना हो रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर/यातायात रजनीश उपाध्याय के पर्यवेक्षण में यह पूरी कार्रवाई अंजाम दी गई।
जानकारी के अनुसार, थाना कुँवरगाँव क्षेत्र के गांव सोई निवासी ओमकार पुत्र स्वर्गीय ज्ञान लाल ने यातायात कार्यालय पहुंचकर टीएसआई ललित कुमार को बताया कि वह 15 मई को गांव से बदायूँ आते समय इन्द्रा चौक के पास ऑटो से उतर गए थे, लेकिन उनका बैग टेम्पो में ही छूट गया। बैग में बड़ी मात्रा में नकदी समेत कीमती सामान रखा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए यातायात पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। क्षेत्राधिकारी यातायात के निर्देशन में पुलिस ने शहर के विभिन्न चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। यातायात कार्यालय में तैनात पुलिसकर्मियों ने घंटों तक कैमरों की बारीकी से जांच की और कई ऑटो चालकों से संपर्क साधा।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इन्द्रा चौक पर संबंधित टेम्पो की पहचान हुई, जिसका नंबर UP 24 CT 0147 दिखाई दिया। ई-चालान ऐप की मदद से वाहन स्वामी की जानकारी निकाली गई, जो मनोज कुमार पुत्र हिम्मत सिंह निवासी दबरई थाना सिविल लाइन बदायूँ निकले।
टीएसआई ललित कुमार ने चालक मनोज कुमार से मोबाइल पर संपर्क किया, जिस पर चालक ने ईमानदारी दिखाते हुए स्वीकार किया कि एक यात्री का बैग उसके टेम्पो में छूट गया था। इसके बाद चालक को टेम्पो और बैग सहित यातायात कार्यालय बुलाया गया।
यातायात कार्यालय में ओमकार और उनकी पत्नी शकुन्तला देवी की मौजूदगी में बैग खोला गया। बैग के अंदर 61,300 रुपये नकद, एक सोने की अंगूठी, मोबाइल फोन, हाथ घड़ी और कपड़े सुरक्षित मिले। अपना पूरा सामान सुरक्षित वापस पाकर ओमकार भावुक हो उठे और यातायात पुलिस के साथ-साथ टेम्पो चालक मनोज कुमार की ईमानदारी की जमकर सराहना की।
इस सराहनीय कार्य में टीएसआई ललित कुमार समेत यातायात पुलिस के कर्मचारियों — हेड कांस्टेबल मुईन हुसैन, कांस्टेबल भूपेन्द्र कुमार, राहुल यादव और महिला कांस्टेबल ऋतु रानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बदायूँ यातायात पुलिस की यह कार्रवाई न केवल पुलिस की कार्यकुशलता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि तकनीक और ईमानदारी के दम पर आम लोगों का भरोसा आज भी कायम है।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

