बदायूं
बदायूं में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही! नई सराय में तीन दिन से जमीन पर पड़ी हाई वोल्टेज केबल, कई लोग करंट की चपेट में आए
बदायूं। शहर के मोहल्ला नई सराय स्थित बर्फ खाने वाली गली में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। तेज आंधी के बाद से टूटी विद्युत केबल पिछले तीन दिनों से सड़क और गलियों में जमीन पर पड़ी हुई है, लेकिन विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते अब तक उसे हटाया या ठीक नहीं कराया गया। हालात इतने खतरनाक हो चुके हैं कि कई लोग करंट की चपेट में आकर घायल हो चुके हैं, जबकि पूरे इलाके में हर समय किसी बड़े हादसे का खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आंधी के तुरंत बाद उन्होंने पीआरवी 112 और बिजली विभाग को सूचना दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस और बिजली विभाग के कुछ कर्मचारी मौके पर पहुंचे भी, लेकिन केवल औपचारिकता निभाकर वापस लौट गए। आरोप है कि अधिकारियों ने न तो टूटी केबल को हटवाया और न ही इलाके की बिजली व्यवस्था को सुरक्षित करने की कोई कोशिश की।
मोहल्लेवासियों के अनुसार, गलियों में खुलेआम पड़ी विद्युत केबल बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए मौत का जाल बनी हुई है। लोग डर के साए में घरों से निकलने को मजबूर हैं। कई परिवारों ने अपने बच्चों को बाहर खेलने तक से रोक दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग शायद किसी बड़े हादसे या जनहानि का इंतजार कर रहा है।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से पूरा इलाका भीषण गर्मी में अंधेरे में डूबा हुआ है। बिजली न होने के कारण पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। लोगों के इनवर्टर जवाब दे चुके हैं और गर्मी से हाल बेहाल है। लगातार शिकायतों के बावजूद अवर अभियंता से लेकर अधिशासी अभियंता तक किसी ने समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया।
इलाके के लोगों में विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है। नागरिकों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ और कोई बड़ा हादसा हुआ, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल मौके पर टीम भेजकर टूटी केबल को हटवाया जाए, बिजली आपूर्ति बहाल कराई जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
केशव गुप्ता



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

