उझानी में लापरवाही की भेंट चढ़ा रास्ता, सीएचसी में 4 दिन से गिरा पड़ा पेड़ बना मुसीबत।
उझानी, 26 मई 2026।
सरकारी तंत्र की लापरवाही का आलम देखिए। उझानी के सरकारी अस्पताल सीएचसी परिसर में चार दिन पहले आंधी में गिरा विशाल पेड़ आज तक नहीं हटाया गया। इमरजेंसी से ओपीडी तक आने-जाने वाले मरीज और तीमारदार रोज इस पेड़ को लांघकर निकलने को मजबूर हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत परिसर में बने क्वार्टरों में रहने वाले स्टाफ को है।
छांव गई, मुसीबत रह गई

चार दिन पहले आई तेज आंधी में सीएचसी परिसर का हरा-भरा पेड़ धराशायी हो गया। पेड़ गिरने से जहां हरियाली और छांव खत्म हुई, वहीं अब यही पेड़ अस्पताल का रास्ता रोके खड़ा है। इमरजेंसी वार्ड से ओपीडी तक जाने वाला मुख्य रास्ता पूरी तरह बंद है। बुजुर्ग और गर्भवती महिलाएं गिरते-पड़ते निकल रही हैं।
सवालों के घेरे में अस्पताल प्रशासन
हैरानी की बात यह है कि चार दिन बीत जाने के बाद भी अस्पताल प्रशासन ने पेड़ हटवाने की जहमत नहीं उठाई। न तो नगर पालिका को सूचना दी गई, न ही वन विभाग को बुलाया गया। मरीजों का कहना है कि शिकायत करने पर कर्मचारी एक दूसरे पर टाल देते हैं।
आज स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने कहा, “अस्पताल में इलाज कराने आएं या पेड़ लांघने की ट्रेनिंग लें? अगर कोई रात में गिर पड़ा तो जिम्मेदार कौन होगा?”
बोले एमओआईसी डॉ देवेन्द्र कुमार मोर्य – आज शाम तक पेड को हटाकर रास्ते को सुचारू कर दिया जाऐगा।
राजेश वार्ष्णेय एमके


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

