बदायूं
बिसौली में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का भव्य शुभारंभ
बदायूं। जनपद के बिसौली नगर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश और जिले के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी ने इसे संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया। उद्घाटन अवसर पर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और पूरा पंडाल भाजपा के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश सरकार की माननीय प्रभारी मंत्री श्रीमती गुलाब देवी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा का संकल्प है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की रीति-नीति और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं और भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाने का कार्य करता है।


कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी डॉ. दिनेश कुमार शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के बल पर विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को आत्मसात करने पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित और जनसेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने आगामी चुनावों को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने प्रशिक्षण वर्ग को संगठन की मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि भाजपा निरंतर कार्यकर्ताओं के वैचारिक और संगठनात्मक विकास पर काम कर रही है।
इस अवसर पर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, विधायक हरीश चंद्र शाक्य, एमएलसी वागीश पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वर्षा यादव, एमएलसी महाराज सिंह, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव और जिला महामंत्री एमपी सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने संगठन की विचारधारा, राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प को दोहराते हुए पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की कार्यपद्धति, सरकार की योजनाओं, सोशल मीडिया प्रबंधन और बूथ सशक्तिकरण जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
केशव गुप्ता



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

