बदायूं
मिशन शक्ति-5 के तहत बिनावर पुलिस का सख्त एक्शन, बाजारों और स्कूलों के आसपास चला एंटी रोमियो अभियान
बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे मिशन शक्ति-5 अभियान के तहत थाना बिनावर पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, स्कूलों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर संदिग्ध एवं अनावश्यक रूप से घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ की।
पुलिस की इस कार्रवाई से बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर हड़कंप का माहौल देखने को मिला। एंटी रोमियो टीम ने खासतौर पर स्कूल और कॉलेजों के आसपास निगरानी बढ़ाते हुए मनचलों पर पैनी नजर रखी। पुलिस कर्मियों ने युवकों से पहचान पूछने के साथ-साथ उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने की हिदायत भी दी।
थाना बिनावर पुलिस का कहना है कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान के दौरान कई लोगों को रोककर पूछताछ की गई, जबकि संदिग्ध गतिविधियां पाए जाने पर कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति-5 का उद्देश्य महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी डर के स्कूल, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर आ-जा सकें। इसी क्रम में एंटी रोमियो टीम लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर निगरानी कर रही है।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान से मनचलों में डर पैदा होता है और महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होता है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
केशव गुप्ता

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

