5:13 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

सोने से 1984 से दूरी, तेल भी आधा करेंगे इस्तेमाल: सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता का ‘स्वदेशी संकल्प

बदायूं से निकली सादगी और संकल्प की मिसाल: साइकिल पर चलेंगे विधायक, एक साल विदेश यात्रा नहीं।

सोने से 1984 से दूरी, तेल भी आधा करेंगे इस्तेमाल: सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता का ‘स्वदेशी संकल्प’

बदायूं 14 मई ।

सियासत में संकल्पों की बात हो तो बदायूं सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता का नाम सबसे पहले आता है। इस बार उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर पर्यावरण और स्वदेशी को समर्पित कई बड़े संकल्प लिए हैं।

अब हर रविवार विधायक की सवारी होगी साइकिल। शहर में जनसंपर्क हो या कोई कार्यक्रम, विधायक महेश चंद्र गुप्ता साइकिल से ही पहुंचेंगे। खास बात यह कि उनके गनर और निजी सचिव भी इसी दिन साइकिल से कदम-से-कदम मिलाकर चलेंगे। विधायक ने कहा, “ईंधन बचाना है, पर्यावरण बचाना है।”

सदर विधायक ने बताया कि वर्ष 1984 से उन्होंने सोना न छूने, न पहनने और न खरीदने का संकल्प ले रखा है। अब प्रधानमंत्री के आह्वान पर परिवार में खाद्य तेल की खपत भी 50 फीसदी तक घटाएंगे। “तैलीय वस्तुएं अब सीमित होंगी,” उन्होंने स्पष्ट किया।

प्रधानमंत्री की अपील का सम्मान करते हुए विधायक ने अगले एक वर्ष तक किसी भी विदेश यात्रा से दूरी बनाने का संकल्प लिया है। साथ ही केवल स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग पर जोर देते हुए कहा, “आत्मनिर्भर भारत के लिए स्वदेशी अपनाना ही सच्ची देशभक्ति है।”

खेती-किसानी से जुड़े विधायक ने अपने खेतों में देसी खाद को बढ़ावा देने और रासायनिक खाद घटाने का निर्णय लिया है। क्षेत्र के किसानों से भी प्राकृतिक खेती अपनाने का आग्रह किया।

यह पहला मौका नहीं है जब विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कठोर संकल्प लिए हों। 30 नवंबर 2008 को आतंकवाद के खात्मे तक अन्न त्याग दिया था, जिसे अजमल कसाब को फांसी और 2014 में मोदी सरकार बनने पर तोड़ा। कोरोना काल में भी नाती के जन्मदिन पर अन्न त्यागा और कोवैक्सीन बनने के बाद व्रत तोड़ने वाले थे, लेकिन भूपेंद्र सिंह चौधरी के कहने पर संकल्प बढ़ा दिया कि मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने तक अन्न नहीं ग्रहण करेंगे। 10 अगस्त 2024 को हवन-पूजन के साथ उपवास तोड़ा।

विधायक ने जनता से भी अपील की, “जो प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कहते हैं, उसे खुद भी अपनाते हैं। देश-प्रदेश को आगे बढ़ाना है तो हम सबको ऐसे संकल्प गंभीरता से लेने होंगे।”

विज्ञापन एक्सप्रेस