बदायूं
ऑपरेशन दहन – बदायूं पुलिस का नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार, 863 किलो से ज्यादा मादक पदार्थ जलाकर किए नष्ट


बदायूं। जनपद को नशा मुक्त बनाने की दिशा में बदायूं पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन दहन” के तहत भारी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में विभिन्न थानों द्वारा बरामद कुल 863.383 किलोग्राम मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट किया गया।
पुलिस प्रशासन के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 732.285 किलो डोडा, 128.380 किलो गांजा, 1.028 किलो स्मैक, 1.655 किलो चरस, अल्पराजोलम गोलियां तथा अन्य नशीला पाउडर शामिल रहा। इस बड़ी कार्रवाई से नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
मादक पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण की प्रक्रिया बरेली स्थित ENVIRAD MEDICARE PVT LTD में पर्यावरण एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उच्च क्षमता वाले इन्सीनरेटर के माध्यम से पूरी कराई गई। पूरी कार्रवाई ड्रग डिस्पोजल कमेटी, पुलिस अधिकारियों तथा पुलिस उपाधीक्षक श्री सुनील अहलावत की निगरानी में पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हुई।
बदायूं पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जनपद में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

