5:59 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान – अपराधियों पर शिकंजा कसने को SSP अंकिता शर्मा ने जारी किए सख्त फरमान, थानेदारों की कड़ी क्लास

बदायूं

बदायूं पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान – अपराधियों पर शिकंजा कसने को SSP अंकिता शर्मा ने जारी किए सख्त फरमान, थानेदारों की कड़ी क्लास

– महिला सुरक्षा से लेकर माफियाओं की संपत्ति जब्ती तक… बदायूं पुलिस की हाईलेवल क्राइम मीटिंग में लिए गए बड़े फैसले, अपराधियों में मचा हड़कंप

बदायूं। जनपद में अपराध पर पूरी तरह लगाम कसने, कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अपराधियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस लाइंस सभागार में एक हाई प्रोफाइल मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने की। इस दौरान जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
करीब कई घंटों तक चली इस मैराथन बैठक में जिले में घटित प्रमुख अपराधों, लंबित विवेचनाओं, महिला एवं बाल अपराध, साइबर क्राइम, गैंगस्टर एक्ट, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, ऑपरेशन दहन, ऑपरेशन त्रिनेत्र 2.0, मिशन शक्ति फेज-5.0, ट्रैफिक व्यवस्था और कानून व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में SSP अंकिता शर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के लिए किसी भी कीमत पर कोई जगह नहीं छोड़ी जाएगी। थानेदारों को निर्देश दिए गए कि लुटेरों, चोरों, टॉप-10 अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और इनामी बदमाशों पर लगातार नजर रखी जाए तथा उनके खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि थानों पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना जाए तथा उसका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाए। आईजीआरएस और पीजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों को लेकर भी अधिकारियों को फटकार लगाई गई और निर्देश दिए गए कि किसी भी शिकायत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महिला सुरक्षा को लेकर SSP ने विशेष सख्ती दिखाई। महिला हेल्प डेस्क, एंटी रोमियो टीम, शक्ति दीदी और महिला बीट पुलिसकर्मियों को गांव-गांव, स्कूल-कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में जाकर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, हेल्पलाइन नंबरों और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब कारोबार, जुआ-सट्टा और अवैध शस्त्र निर्माण पर भी बड़ा अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। गैंगस्टर एक्ट के मामलों में अपराधियों की अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर धारा 14(1) के तहत जब्तीकरण की कार्रवाई तेज करने को कहा गया।
साइबर अपराधों को लेकर भी SSP ने अधिकारियों को सतर्क करते हुए कहा कि डिजिटल अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तकनीकी साक्ष्यों और ई-साक्ष्य एप का अधिकतम उपयोग किया जाए। लंबित विवेचनाओं को समयबद्ध तरीके से निपटाने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
ऑपरेशन त्रिनेत्र 2.0 के तहत जिले के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक कैमरे सक्रिय कराने के निर्देश दिए गए। वहीं ऑपरेशन कन्विक्शन के अंतर्गत चिन्हित मुकदमों में अपराधियों को अधिकतम सजा दिलाने के लिए मजबूत पैरवी करने पर जोर दिया गया।
ट्रैफिक और सड़क सुरक्षा को लेकर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई। SSP ने कहा कि “सड़क सुरक्षा केवल कानून नहीं बल्कि हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नशे में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। ZERO FATALITY DISTRICT अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में SSP अंकिता शर्मा ने सभी थाना प्रभारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी मजबूती और सतर्कता के साथ काम करेगी!

विज्ञापन एक्सप्रेस