उझानी हाईवे पर पुलिया बनाकर गांव में गंदा पानी छोड़ने का प्रयास, ग्रामीणों ने रोका काम


उझानी (बदायूं), 11 मई 2026।
नरुऊ गांव के पास नेशनल हाईवे-530 बी पर पुलिया बनाकर उझानी नगर पालिका का दूषित पानी गांव में छोड़ने की कोशिश ग्रामीणों के भारी विरोध के बाद नाकाम हो गई। सोमवार अपराह्न करीब 3 बजे हाईवे कर्मियों ने जैसे ही सड़क काटकर पुलिया बनाने का काम शुरू किया, कांग्रेस नेता ओमकार सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने अधिकारियों को इलाहाबाद हाईकोर्ट का आदेश दिखाकर काम रुकवाया। जनहित याचिका संख्या 2378/2025 में हाईकोर्ट ने गांव में दूषित पानी प्रवाहित करने पर रोक लगाई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले भी नगर पालिका का गंदा पानी गांव में छोड़े जाने से 600 बीघा फसल बर्बाद हो गई थी। हैंडपंप का पानी जहरीला होने पर जल निगम ने उसे प्रतिबंधित कर दिया था। पूरे गांव में संक्रामक रोग फैल गए थे।
विरोध और कोर्ट के आदेश का हवाला दिए जाने के बाद हाईवे अधिकारियों ने पुलिया निर्माण कार्य तत्काल रोक दिया।
कोर्ट के आदेश की अवहेलना बर्दाश्त नहीं’ ।
जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष व प्रदेश कांग्रेस कोऑर्डिनेटर ओमकार सिंह ने कहा कि कोर्ट के आदेश के बावजूद गांव को बर्बाद करने की साजिश रची जा रही है। मंगलवार को हाईकोर्ट के आदेश की प्रति के साथ एनएच-530 बी के परियोजना अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। किसी भी कीमत पर गंदा पानी गांव में नहीं आने देंगे।
इस दौरान जिला महासचिव इगलास हुसैन, किसान कांग्रेस महासचिव गौरव सिंह राठौर, संघर्ष समिति अध्यक्ष योगेंद्र सिंह सोलंकी, कमल प्रताप सिंह, राजाराम टेलर, ओम प्रकाश जाटव, बलवीर सिंह, नरेंद्र कुमार, सुरेश कुमार, प्रेमपाल, पृथ्वी सिंह, रमेश कुमार, नेपाल सिंह सोलंकी, मुन्नालाल, मानसिंह समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

