उझानी, बदायूँ 10 मई ।
कोतवाली उझानी क्षेत्र के अहीरवारा गांव निवासी युवक को रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से पीटने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि गांव के ही अमन गुप्ता ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित अरुण राठौर के मुताबिक 9 मई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह उझानी से घर लौट रहा था। नरऊ मोड़ पर अमन गुप्ता पुत्र मुनीश गुप्ता अपने अज्ञात साथियों के साथ मिला और गाली-गलौज करते हुए लात-घूसों व लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर ई-रिक्शा से आ रहे उसके पिता ध्यानपाल सिंह व पुष्पेन्द्र ने आरोपियों को ललकारा तो सभी धमकी देकर भाग गए।
मारपीट के दौरान पीड़ित के वीवो और ओप्पो कंपनी के दो मोबाइल भी गुम हो गए। पीड़ित ने उसी दिन कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक राजेश प्रताप सिंह को सौंपी है।
पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

