10:17 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

राजकीय महिला महाविद्यालय बदायूँ की छात्राओं द्वारा जन-जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन

दिनांक 8 मई 2026 को राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूँ की छात्राओं द्वारा ग्राम पड़ौलिया में उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत सर्वेक्षण एवं जन-जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरुक करना था। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. वंदना ने कार्यक्रम हेतु रवाना होने वाली टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण विकास एवं महिला सशक्तिकरण में युवाओं और छात्राओं की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं को समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. अर्चना पाण्डेय ने महिला उद्योग एवं स्वरोजगार विषय पर जागरूकता व्याख्यान दिया। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि स्वरोजगार एवं कौशल विकास योजनाएं महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाने का आह्वान किया। इसके उपरांत स्वयंसेवी छात्राओं द्वारा ग्राम में भ्रमण कर निर्धारित प्रारूप पर सर्वेक्षण किया गया तथा ग्रामीणों से संबंधित आवश्यक आंकड़े संकलित किए गए। छात्राओं ने ग्रामीणों को स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के विषय में भी जागरुक किया। जागरुकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को रिफ्रेशमेंट वितरित किया गया तथा ग्राम के गणमान्य नागरिकों को उनके सामाजिक योगदान एवं जनसेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उन्नत भारत अभियान समन्वयक डॉ. ऋषभ भारद्वाज ने बताया कि महाविद्यालय द्वारा विकासखंड सालारपुर के पाँच ग्रामों को उन्नत भारत अभियान हेतु चयनित किया गया है। इन सभी ग्रामों में महाविद्यालय की टीम द्वारा भ्रमण किया जा चुका है तथा अब तक दो ग्रामों में एनजीओ के सहयोग से सर्वेक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ग्रामीण विकास एवं सामाजिक जागरुकता से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर गाँव के लगभग 50 लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में ग्राम सहायक विशाल कुमार, रोजगार सेवक विक्रम सिंह, ऊषा पाल, रामलली, शशिबाला, जावित्री सहित अनेक ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस