बिल्सी में महाराणा प्रताप जयंती पर गूंजा स्वाभिमान का संदेश
बदायूं चौराहे का नामकरण करने का लिया संकल्प
बिल्सी। नगर के बदायूं बस स्टैंड पर शनिवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में क्षत्रिय समाज के लोगों ने एकत्र होकर महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समाज के नेताओं ने महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और स्वाभिमान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने मातृभूमि और सम्मान की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन संघर्ष में बिताया। वक्ताओं ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को भी उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। क्षत्रिय समाज के नेता दीपक चौहान ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक समाज विशेष के नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव हैं। उन्होंने कहा कि बदायूं चौराहे का नाम महाराणा प्रताप के नाम पर रखे जाने की मांग को लेकर समाज लगातार आवाज उठाता रहेगा और इस संकल्प को पूरा कराने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। जयंती समारोह के दौरान लोगों ने महाराणा प्रताप अमर रहें के जयकारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति और गौरव के भाव से गूंज उठा। इस मौके पर प्रदीप चौहान, मुकेश कुमार सिंह, राहुल वाष्र्णेय, रोहित चौहान, दिनेश कुमार सिंह, अजय प्रताप, राकेश कटैया, संजीव खुशियां, संतोष कुमार सहित बड़ी में लोग मौजूद रहे। इधर फ्यूजर लीडर्स स्कूल में भी उनकी जंयंती धूमधाम से मनाई गई।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

