1:46 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

बदलते मौसम में गर्भवती महिलाएं रखें खान-पान का विशेष ध्यान

बदलते मौसम में गर्भवती महिलाएं रखें खान-पान का विशेष ध्यान
बिल्सी सीएचसी पर लगे शिविर में महिलाओं को बांटे फल
बिल्सी। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शनिवार को आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षा मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया और चिकित्सकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। शिविर के दौरान वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. जयश्री शर्मा ने गर्भवती महिलाओं को बताया कि इन दिनों मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है, जिसके चलते वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेना चाहिए तथा समय-समय पर अस्पताल आकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराना चाहिए, ताकि गर्भावस्था के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि नियमित जांच कराने से मां और गर्भस्थ शिशु दोनों का स्वास्थ्य सुरक्षित रहता है। साथ ही चिकित्सकों द्वारा दी जाने वाली सलाह का पालन करना भी बेहद जरूरी है। शिविर में चिकित्सकों ने महिलाओं को साफ-सफाई, पोषण, समय पर दवा लेने और पर्याप्त आराम करने के संबंध में भी जानकारी दी। शिविर के दौरान करीब 25 से अधिक गर्भवती महिलाओं ने पहुंचकर अपना परीक्षण कराया। जांच के उपरांत महिलाओं को फल आदि का वितरण भी किया गया तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी कई महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर डॉ. चारू गुप्ता, डॉ. प्रगति शर्मा, सुमन शर्मा, शशि बाला, प्रतीक्षा भारद्वाज, पंकज कुमार एवं हरिओम सक्सेना सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस