10:17 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

एसएसपी अंकिता शर्मा का थाना वजीरगंज पर औचक निरीक्षण

एसएसपी अंकिता शर्मा का थाना वजीरगंज पर औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को परखा — महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और अनुशासन पर दिया विशेष जोर

बदायूँ। जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शुक्रवार को थाना वजीरगंज का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। एसएसपी के अचानक थाने पहुंचने से पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया और पूरे थाना परिसर में सक्रियता बढ़ गई।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, मालखाना, बैरक, सीसीटीएनएस कक्ष तथा मैस का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई तथा थाना परिसर की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही थाने पर लगे सीसीटीवी कैमरों को हर समय सुचारु रूप से संचालित रखने के लिए संबंधित कर्मचारियों को सख्त निर्देशित किया गया।


महिला सुरक्षा को लेकर भी एसएसपी ने गंभीरता दिखाई। मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को अधिक से अधिक क्षेत्र भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान पुलिस की प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस कर्मियों को साइबर अपराधों और “साइट्रेन” पोर्टल के प्रति जागरूक रहने तथा आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बदलते समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए पुलिस कर्मियों को तकनीकी रूप से दक्ष होना बेहद आवश्यक है।
एसएसपी ने थाने में तैनात रिक्रूट आरक्षियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें ड्यूटी, अनुशासन, जनसंपर्क तथा कानून-व्यवस्था संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर ब्रीफ किया। साथ ही कम्प्यूटर संबंधी कार्यों और थाना कार्यालय में होने वाले कार्यों को गंभीरता से सीखने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार सिंह, दिवसाधिकारी उपनिरीक्षक बृजपाल सिंह, हेड मोहर्रिर अखिलेश कुमार, महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला कांस्टेबल अर्चना, थाना कार्यालय के कांस्टेबल अंकित कुमार चंदेल, सीसीटीएनएस ऑपरेटर आलोक कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस