10:07 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

रुके मानदेय को लेकर भड़कीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां – भुगतान नहीं हुआ तो करेंगे भूख हड़ताल

बदायूं

रुके मानदेय को लेकर भड़कीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, चेतावनी — “भुगतान नहीं हुआ तो करेंगे भूख हड़ताल”

मालवीय आवास गृह में शुक्रवार को अखिल भारतीय आंगनबाड़ी कर्मचारी महासभा के बैनर तले आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में पहुंचीं कार्यकत्रियों ने लंबे समय से रुके मानदेय, प्रोत्साहन राशि और अन्य मांगों को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष मोर श्री गुप्ता ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का रुका हुआ मानदेय तत्काल जारी किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो संगठन भूख हड़ताल करने को मजबूर होगा।
जिला अध्यक्ष राजेश कुमार सक्सेना ने बताया कि वर्ष 2025 के जुलाई, अगस्त और सितंबर माह का मानदेय जनपद की करीब 510 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का अब तक लंबित है। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के बीच कार्यकत्रियां लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं, लेकिन मानदेय न मिलने से उनके सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
बैठक में कार्यकत्रियों ने आयुष्मान कार्ड की समस्या भी उठाई। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि शासन द्वारा पांच लाख रुपये तक के आयुष्मान कार्ड की सुविधा दिए जाने के बावजूद कई कार्यकत्रियों के कार्ड अब तक नहीं बन पाए हैं। उन्होंने सभी पात्र कार्यकत्रियों के आयुष्मान कार्ड जल्द बनवाने की मांग की।
इसके बाद संगठन की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में भीषण गर्मी को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने, हर महीने मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का नियमित भुगतान करने, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष किए जाने और जिला स्तर पर संघ पदाधिकारियों के साथ नियमित बैठक सुनिश्चित करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल रहीं।
कार्यक्रम में मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने एक स्वर में कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष शोभा वर्मा, जिला संगठन प्रभारी चांद बी, शशि रानी सक्सेना, कुमकुम जौहरी, खजाना देवी, निशा सक्सेना, भगवान देवी, राजबाला, सर्वेश शर्मा, माया देवी, रामदेवी, पुष्पा देवी, प्रीति वर्मा, कंचन देवी, अनवरी बेगम, डिंपल वाष्णेय, शकुंतला देवी, रेखा देवी, राजबाला भारती, अर्चना सक्सेना, मोहिनी शर्मा सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस