3:17 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

बंदर के हमले में वृद्धा घायल, सीएचसी में कराया गया उपचार

बंदर के हमले में वृद्धा घायल, सीएचसी में कराया गया उपचार
बिल्सी। नगर और क्षेत्र में आवारा कुत्तों और बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन लोग इनके हमलों का शिकार होकर घायल हो रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से इन पर नियंत्रण कराने की मांग की है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के तहसील क्षेत्र गांव खैरी निवासी शरीफन पत्नी मुस्ताक बृहस्पतिवार की सुबह अपने घर पर खाना खा रही थीं। इसी दौरान अचानक बंदरों का झुंड वहां पहुंच गया। बताया जाता है कि बंदरों ने खाना छीनने का प्रयास किया और इसी बीच एक बंदर ने वृद्धा पर हमला बोल दिया। बंदर ने उनके हाथ में काट लिया, जिससे वह घायल हो गईं। वृद्धा के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बंदरों को वहां से भगाया। घटना के बाद परिजन घायल वृद्धा को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया तथा एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई। उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों और आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कई बार बच्चे और बुजुर्ग इनके हमलों का शिकार हो चुके हैं, लेकिन समस्या के समाधान के लिए अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने प्रशासन से अभियान चलाकर बंदरों और आवारा कुत्तों से निजात दिलाने की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस