बादशाहपुर जंगल में हरे पेड़ों की कटाई का आरोप, की शिकायत
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव बादशाहपुर स्थित जंगल में हरे पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। गांव निवासी सत्यवीर यादव ने बताया कि जंगल में ट्यूबवेल की गूल के किनारे खड़े हरे पेड़ों को गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा कटवाकर बेचा गया है। उन्होंने कहा कि जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत इसका विरोध किया और संबंधित अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। सत्यवीर यादव के अनुसार, जंगल में चार हरे पेड़ पहले ही काटे जा चुके थे, जबकि एक अन्य पेड़ को काटा जा रहा था। इसी दौरान ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों को देखते ही पेड़ काटने में लगे लोग मौके से फरार हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने डीएम और तहसील में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का कहना है कि हरे पेड़ों की कटाई पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है और इस तरह की घटनाओं पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। इस संबंध में बिल्सी के नायब तहसीलदार बदन सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

