12:34 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

जरीफनगर – छत पर चढ़े युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत

बदायूं

हाई टेंशन लाइन बनी मौत का कारण, छत पर चढ़े युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी कमल सिंह (30), पुत्र श्रीपाल सिंह, सोमवार शाम करीब 8 बजे अपने घर की छत पर चढ़े थे। इसी दौरान छत के बराबर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आने से उन्हें तेज करंट लग गया। करंट इतना जबरदस्त था कि वह मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन तुरंत उन्हें पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घरों के बेहद करीब से गुजर रही हाई टेंशन लाइन पहले भी खतरे का कारण बन चुकी है, लेकिन विभाग ने कभी इस ओर ध्यान नहीं दिया।
बताया जा रहा है कि कमल सिंह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे और खेती-किसानी में परिवार का हाथ बंटाते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं, थाना प्रभारी सुमित शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत करंट लगने से हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस