2:56 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

200 रुपये के विवाद में खूनी खेल: जंजीर-ताले से हत्या, बदायूँ पुलिस ने 2 को दबोचा

200 रुपये के विवाद में खूनी खेल: जंजीर-ताले से बेरहमी से हत्या, बदायूँ पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचा

बदायूँ के थाना कोतवाली क्षेत्र में महज 200 रुपये के उधारी विवाद ने एक युवक की जान ले ली। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों—नईम और वासिफ—को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी फजल की तलाश जारी है। घटना में इस्तेमाल किया गया खौफनाक आलाकत्ल—लोहे की जंजीर जिसमें ताला लगा था—भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
घटना की शुरुआत तब हुई जब वादी इक्तेदार अहमद निवासी नई सराय ने थाना कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनका साला शाहिद हुसैन (निवासी चौधरी सराय) दिनांक 03 अप्रैल 2026 को काम खत्म कर घर लौट रहा था। जैसे ही वह मोहल्ला सोथा नई बस्ती में गुड्डू हलवाई के पास गली में पहुंचा, तभी पहले से घात लगाए बैठे नईम, फजल और वासिफ ने उसे रोक लिया। पुराने पैसों के लेनदेन को लेकर तीनों ने मिलकर शाहिद पर हमला बोल दिया और गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
इस मामले में थाना कोतवाली पर मु0अ0सं0 102/2026, धारा 103(1)/3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ के आदेशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 04 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर आसरा आवास बाईपास मोड़ के पास से दो अभियुक्तों—नईम पुत्र अमीनउद्दीन और वासिफ पुत्र मोहम्मद फरहत—को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने जो खुलासा किया, वह चौंकाने वाला था। उन्होंने बताया कि मृतक शाहिद हुसैन और नईम साथ में मजदूरी करते थे। शाहिद पर नईम के 500 रुपये उधार थे, जिनमें से 300 रुपये लौटा दिए गए थे, लेकिन 200 रुपये बाकी थे। जब नईम ने कई बार अपने पैसे मांगे तो शाहिद टालमटोल करता रहा। घटना वाले दिन जब शाहिद रास्ते में मिला और नईम ने पैसे मांगे, तो शाहिद ने उल्टा नईम के साथ मारपीट कर दी। गौरतलब है कि नईम एक पैर से विकलांग है, इसके बावजूद उसे पीटा गया।
अपमान और गुस्से में नईम ने अपने भाई फजल और वासिफ को मौके पर बुला लिया। तीनों ने मिलकर बदला लेने की ठान ली और शाहिद को घेरकर बेरहमी से हमला कर दिया। फजल ने चाकू से वार किए, वासिफ ने लोहे की जंजीर (जिसमें ताला लगा था) से हमला किया, जबकि नईम ने शाहिद को पकड़कर रखा। इस हमले में शाहिद गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने वासिफ की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त जंजीर-ताला बरामद किया है। साथ ही आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह मय टीम की अहम भूमिका रही। बदायूँ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से हत्या की गुत्थी सुलझ गई और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया।

केशव गुप्ता की रिपोर्ट

विज्ञापन एक्सप्रेस