परशुराम जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा, नगर में गूंजे जयकारे
मुख्य बाजार में शोभायात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत
बिल्सी। नगर की ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में रविवार को भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बना रहा। दोपहर बाद जैसे ही शोभायात्रा महात्मा गांधी पार्क से प्रारंभ हुई, पूरा नगर भगवान परशुराम के जयकारों से गूंज उठा। शोभायात्रा में भगवान परशुराम की सजीव व आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। झांकियों को देखने के लिए मार्ग में जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए, वहीं डीजे की धुनों और ढोल-नगाड़ों के साथ युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों की भी शोभायात्रा में उल्लेखनीय भागीदारी रही। यात्रा महात्मा गांधी पार्क से शुरू होकर मुख्य बाजार, थाना मार्ग होते हुए तहसील रोड स्थित नारायण ग्रीन हाउस तक पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ समापन किया गया। मुख्य बाजार में व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों के सामने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया। कई स्थानों पर जलपान की भी व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को राहत मिली। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए थे। आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष कंचन ओझा, रजनीश शर्मा, राहुल शर्मा, दिवाकर मिश्रा, गौतम शर्मा, वरुण शंखधर, पवन उपाध्याय, विनीत उपाध्याय, भुवनेश शर्मा, विवेक कुमार, अनिल दीक्षित, आशीष वशिष्ठ, अरविंद शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, ललतेश शर्मा समेत ब्राह्मण महासभा के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

