12:03 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं- स्वास्थ्य विभाग में तबादला सत्र तेज, चर्चाओं का बाजार गर्म

बदांयू 3 मई।

जिले के स्वास्थ्य विभाग में इन दिनों तबादला और पोस्टिंग की फाइलें अचानक तेजी से दौड़ने लगी हैं। विभागीय गलियारों में इसकी खूब चर्चा है। कर्मचारी संगठनों से लेकर आम स्टाफ तक में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर अचानक यह तेजी क्यों आई।

सूत्रों के मुताबिक पिछले एक हफ्ते में कई चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ के तबादला आदेश जारी हुए हैं। कुछ आदेश तो पुराने आदेशों को निरस्त कर जारी किए गए हैं। इससे विभाग में असमंजस की स्थिति बन रही है। कई कर्मचारी नए तैनाती स्थल पर जॉइन करने को लेकर ऊहापोह में हैं।

विभाग से जुड़े लोगों का कहना है कि वर्तमान में विभाग का प्रभार संभाल रहे अधिकारी पर पूर्व में भी महत्वपूर्ण पद पर रहते हुए सवाल उठ चुके हैं। अब अटकलें हैं कि शासन स्तर से जल्द ही स्थायी तैनाती के आदेश आ सकते हैं। इसी बीच तबादलों की रफ्तार बढ़ने से तरह तरह की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं।

कुछ कर्मचारी दबी जुबान में कह रहे हैं कि प्रभार अवधि सीमित होने की आशंका के चलते फाइलों का निपटारा जल्दी किया जा रहा है। वहीं कुछ का मानना है कि यह नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

लगातार हो रहे तबादलों का असर जमीनी स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिख रहा है। उझानी, बिनावर, आसफपुर समेत कई CHC में स्टाफ को लेकर उलझन बनी हुई है। मरीजों को भी डॉक्टर बदलने से परेशानी हो रही है।

इस पूरे मामले पर विभाग की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तबादले जनहित और प्रशासनिक आवश्यकता के तहत किए जा रहे हैं।

फिलहाल शासन के अगले आदेश का इंतजार किया जा रहा है। उसके बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी कि विभाग की कमान किसके पास स्थायी रूप से रहेगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस