*बदायूं*
बदायूं जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। मूसाझाग थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुलड़िया गांव के पास डीएस डिग्री कॉलेज के निकट तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली और टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
हादसे में टेंपो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर टेंपो से जा टकराई। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
*केशव गुप्ता*
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

