बदायूं में डबल मर्डर के मुख्य आरोपी पर NSA: पुलिस का सख्त एक्शन, आपराधिक इतिहास भी आया सामने
बदायूं। थाना मूसाझाग क्षेत्र के एचपीसीएल प्लांट में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की है। दिनांक 27 अप्रैल 2026 को यह कार्रवाई जिला प्रशासन की संस्तुति पर सुनिश्चित की गई, जिससे जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में बदायूं पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। इसी क्रम में मूसाझाग क्षेत्र स्थित एचपीसीएल गैस प्लांट में 12 मार्च 2026 को हुई दोहरे हत्याकांड की घटना में मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह के खिलाफ NSA की कार्रवाई की गई। आरोपी ने प्लांट में घुसकर डिप्टी जनरल मैनेजर सुधीर गुप्ता और असिस्टेंट मैनेजर हरवित मिश्रा की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी थी।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग भी की, जिसमें एक आरक्षी घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी भी पैर में गोली लगने से घायल हुआ था। इस मामले में मूसाझाग थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए और जांच के दौरान अन्य सह-अभियुक्तों के नाम भी सामने आए, जिन्हें जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा और गंभीर रहा है। उसके खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे कई संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के जघन्य अपराधों की पुनरावृत्ति रोकने और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए NSA जैसी सख्त कार्रवाई जरूरी थी। जिला प्रशासन को भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर यह कदम उठाया गया।
बदायूं पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति जारी रहेगी और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।




केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

