*बदायूं*
बदायूं। थाना सहसवान क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पिता ने ही अपने 10 वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की साजिश रच डाली। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना की शुरुआत 14 अप्रैल 2026 को हुई, जब पीआरवी 8805 पर ग्राम तिगरा निवासी विजय सिंह ने सूचना दी कि उसके पुत्र विशाल उर्फ गोपाल का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला है। सूचना मिलते ही थाना सहसवान पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शुरुआत में मामला संदिग्ध आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन 17 अप्रैल 2026 को मृतक के मामा राजेश (निवासी मलिकपुर, थाना उझानी) ने थाने में तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 184/26, धारा 103(1) BNS 2023 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी सहसवान के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सहसवान के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया। गहन जांच, साक्ष्य संकलन और मुखबिर की सूचना के आधार पर 19 अप्रैल 2026 को पुलिस ने आरोपी विजय सिंह को सहसवान-नाधा रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा—
गिरफ्तार अभियुक्त विजय सिंह (उम्र करीब 45 वर्ष) ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह 14 अप्रैल को अपने बेटे विशाल उर्फ गोपाल को बहला-फुसलाकर खेत पर ले गया। वहां पहले उसने बेटे के गले में दोहरी रस्सी बांधी और फिर पेड़ की डाल में रस्सी डालकर खींच दिया, जिससे मासूम की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पेड़ पर लटका दिया और घर लौट आया।
कुछ समय बाद गांव के ही एक व्यक्ति ने फोन कर उसे घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचा और अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर शव को नीचे उतारा गया। इसके बाद उसने खुद ही पुलिस को सूचना देकर शक से बचने की कोशिश की।
पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई—
प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह थाना सहसवान अपनी टीम के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
*केशव गुप्ता*
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

