7:59 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

अक्षय तृतीया पर बाल विवाह रोकने का संकल्प

बदायूं

अक्षय तृतीया पर बाल विवाह रोकने का संकल्प, स्कूल में चला जागरूकता अभियान

अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर जनपद में चलाए जा रहे बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत गुरुवार को शिवदेवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बदायूं में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन एलायंस के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के सब इंस्पेक्टर, विद्यालय के प्रधानाचार्य, स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती को पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद प्रोग्राम मैनेजर गंगा सिंह ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अक्षय तृतीया एक महत्वपूर्ण हिंदू पर्व है, जिसे अबूझ मुहूर्त माना जाता है और इस दिन बड़ी संख्या में विवाह होते हैं। ऐसे में समाज की जिम्मेदारी है कि कहीं भी नाबालिग बच्चों का विवाह न होने पाए।


उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि आसपास या किसी धार्मिक स्थल पर कम उम्र में शादी होने की आशंका हो तो तुरंत टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001027222 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस मौके पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के सब इंस्पेक्टर इंद्रपाल सिंह ने कहा कि पुलिस और प्रशासन बच्चों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि आने वाली अक्षय तृतीया पर अधिक से अधिक बाल विवाह रोकने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध मामले की जानकारी 1098 या 112 पर दें।
कार्यक्रम में काउंसलर चेतना ने बच्चों को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और कहा कि “हम पढ़ेंगे और आगे बढ़ेंगे, तभी अपने अधिकारों को समझ पाएंगे।”
अंत में प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए छात्रों एवं स्टाफ को बाल विवाह न करने और अपने आसपास भी इसे रोकने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाकर बच्चों के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करना रहा।

विज्ञापन एक्सप्रेस