सूरज ने तरेरी आंखें चिलचिलाती धूप ने सताया, पारा 38 डिग्री के करीब।
दिन में चिलचिलाती धूप से बढ़ी परेशानी, 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया अधिकतम तापमान
नमी में उतार-चढ़ाव, बारिश के आसार नहीं
बदांयू 14 अप्रैल।
शहर में मंगलवार को तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दिनभर चिलचिलाती धूप के कारण सड़कों पर निकलना मुश्किल रहा। दोपहर में बाजार में सन्नाटा सा देखने को मिला। अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक रहा। हालांकि शाम में अभी राहत है।
मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। दिन और रात के तापमान में इस अंतर के चलते सुबह और देर रात हल्की ठंड का एहसास बना रहा, लेकिन दिन में गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया।
लोगों को कम नमी के कारण गर्म हवाओं का असर और अधिक महसूस हुआ, जिससे लोगों को लू जैसे हालात का सामना करना पड़ा।
दिनभर आसमान साफ रहा, जिससे धूप लोगों को सताती रही। मौसम विशेषज्ञ का कहना है कि फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं, जिससे आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। तेज धूप के चलते लोग सिर ढककर और पानी की बोतल साथ लेकर बाहर निकलते दिखे।
चिकित्सकों ने भी लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, अधिक से अधिक पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com