3:28 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव में पुलिस एक्शन: पशु क्रूरता करने वाला युवक समेत 10 गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देशन में चलाए जा रहे शांति व्यवस्था अभियान के तहत थाना कुंवरगांव पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों को शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका में पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों में बाबट निवासी जसवीर पुत्र झम्मन सिंह भी शामिल है। जसवीर पर आरोप है कि वह अपने घर में गायों को पालता था, लेकिन उनके साथ लापरवाही और क्रूरता करता था। बताया गया कि दूध निकालने के बाद वह पशुओं को भूखा रखता था और चारा नहीं देता था। बीते दिनों वह पशुओं को घर में बंद कर ताला लगाकर चला गया, जिससे एक गाय की भूख के कारण खूंटे पर ही मौत हो गई।

इस मामले में पशु प्रेमी दीपेश दिवाकर की तहरीर पर पुलिस ने जसवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। शनिवार को पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

इसके अलावा पुलिस ने राजेश पुत्र हीरालाल, महीपाल पुत्र मोहनलाल, दयाराम पुत्र नरपत, लालाराम पुत्र नरपत, भूप सिंह पुत्र प्रकाश, धीरेन्द्र पुत्र महीपाल, जगपाल पुत्र केदार, शिवकुमार पुत्र मोरपाल निवासीगण ग्राम निनमा तथा राहुल कुमार पुत्र अमरपाल निवासी ग्राम मोंगर को भी गिरफ्तार किया।

सभी आरोपियों को उपजिलाधिकारी सदर बदायूं के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा, कांस्टेबल गौरव कुमार एवं अजय कुमार शामिल रहे।

 

विज्ञापन एक्सप्रेस