स्कूल चलो अभियान की बैठक में शत-प्रतिशत नामांकन पर जोर
अंबियापुर कार्यालय पर हुई प्रधानाध्यापकों की समन्वय बैठक
बिल्सी। शासन के निर्देशानुसार बृहस्पतिवार को स्कूल चलो अभियान को गति देने के उद्देश्य से विकास खंड अम्बियापुर में प्रधानाध्यापकों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। खंड शिक्षा अधिकारी गौतम प्रकाश के संचालन में हुई बैठक में परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों तथा इंटर कॉलेजों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में कक्षा 5 और कक्षा 8 उत्तीर्ण विद्यार्थियों के ट्रांजिशन (अगली कक्षा में प्रवेश) पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोई भी छात्र शिक्षा की मुख्यधारा से बाहर न रहे, इसके लिए समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को कक्षा 5 पास छात्रों की सूची उच्च प्राथमिक विद्यालयों को उपलब्ध कराने तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों को कक्षा 8 के छात्रों की सूची निकटतम इंटर कॉलेजों को सौंपने के निर्देश दिए गए। बैठक में नन्नू मल जैन इंटर कॉलेज और एनए इंटर कॉलेज के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता करते हुए नामांकन बढ़ाने पर सहमति जताई। खंड शिक्षा अधिकारी गौतम प्रकाश ने कहा कि कक्षा 6 और 9 में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। इसके लिए शिक्षकों को अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करना होगा। अंत में सभी शिक्षकों ने घर-घर जाकर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस मौके पर डा.राजकमल गुप्ता, सचिन उपाध्याय, रामवीर सिंह, राजीव शर्मा शिक्षक मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

