बिसौली में देर-रात पुलिस की फिल्मी स्टाइल में रेड! आईपीएल सट्टेबाज़ी कारने वाले चार छुटभैया दबोचे
स्थानीय नेता जी की पैरवी बेअसर,लगा रहे जिला मुख्यालय तक की दौड़।
बिसौली (बदायूं) बिसौली नगर में बीती देर-रात उस वक्त हडकंप मच गया। जब कथित तौर पर स्पेशल ऑपरेशन ( SOG) की टीम ने फिल्मी अंदाज में दबिश देकर चार युवकों को हिरासत में ले लिया।
सूत्रों के मुताबिक,ये युवक लंबे समय से आईपीएल सट्टेबाजी के अवैध नेटवर्क से जुड़े हुए थे और पुलिस की रडार पर थे। तेज तर्रार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा जिले की कमान संभालने के बाद पुलिस अब काले धंधेबाजों के खिलाफ शिकंजा कसती नजर आ रही है।

बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों को पकड़ा। इलाके में हड़कंप मच गया और आधी रात को ही पुलिस उन्हें जिला मुख्यालय के लिए लेकर रवाना हो गई। हालांकि खबर लिखे जाने तक स्थानीय पुलिस या उच्च अधिकारियों की ओर से इस कार्रवाई की अधिकारिक पुष्टी नहीं की गई है,जिससे मामले को लेकर रहस्य और गहरा गया है।
सूत्रों की मानें तो पुलिस द्वारा युवकों को हिरासत के तुरंत बाद स्थानीय सत्ता पक्ष से जुड़े एक प्रभावशाली नेता ने युवकों को छुड़ाने के लिए जोरदार कोशिशें शुरू कर दीं। देर-रात से लेकर गुरुवार दोपहर तक जिला मुख्यालय के चक्कर काटे जाने की भी चर्चाएं हैं। लेकिन फिलहाल उनकी कोई पैरवी काम करती नजर नहीं आ रही है। नगर में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। कोई पुलिस की बड़ी कामयाबी की बात कर रहा है तो कहीं राजनीतिक दबाव की परतें भी सामने आ रही हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस कब अधिकारिक तौर पर इस पूरे मामले का खुलासा करती है। और सट्टेबाजी के इस कथित नेटवर्क की जड़े कितनी गहरी निकलती है…और मास्टरमाइंड कौन है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
