कुंवरगांव। जिले में पुलिस महकमे में एक बार फिर सख्ती का संदेश गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा कुंवरगांव थाने में तैनात सिपाही धर्मवीर सिंह उर्फ फौजी को लाइन हाजिर कर दिया गया। कार्रवाई के बाद महकमे में हलचल तेज हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक, सिपाही धर्मवीर सिंह उर्फ फौजी अपनी सियासी पकड़ का दावा करता था और अधिकारियों व सत्ताधारियों में पहुंच होने की बात कहता था। हालांकि कप्तान की सख्ती के आगे उसकी एक नहीं चली और आखिरकार उसे पुलिस लाइन भेज दिया गया।
चर्चा है कि सिपाही की कार्यशैली को लेकर क्षेत्र में पहले से ही सवाल उठ रहे थे। उस पर अनैतिक गतिविधियों में संलिप्तता और गरीब लोगों से वसूली जैसे आरोपों की चर्चाएं आम हो गई थीं।
बताया जाता है कि 20 नवंबर 2025 को उसका तबादला दातागंज कोतवाली कर दिया गया था, लेकिन उसने 8 दिसंबर को अपना ट्रांसफर रुकवा लिया और कुंवरगांव थाने में ही डटा रहा। इतना ही नहीं, इससे पहले भी उसका दो बार तबादला हो चुका था, लेकिन हर बार वह किसी न किसी तरह आदेश रुकवाने में सफल रहा।
इस बार हालांकि कप्तान की सख्ती के चलते उसे लाइन हाजिर होना पड़ा। उधर, विभागीय फेरबदल के तहत हेड कांस्टेबल सुशील कुमार को उसहैत और हेड कांस्टेबल विजय कुंडू को मूसाझाग स्थानांतरित किया गया है। तीनों पुलिसकर्मियों के थाने से हटने को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

