दबंगों ने घर में घुसकर परिवार पर किया जानलेवा हमला, तमंचा तानकर दी जान से मारने की धमकी
उघैती: जनपद के थाना उघैती क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम शरह बरौलिया में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ घर में घुसकर एक ही परिवार के कई लोगों के साथ जमकर मारपीट करने और जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में महिलाओं सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना उघैती क्षेत्र के ग्राम शरह बरौलिया निवासी कुलदीप पुत्र रमेश ने थाने में दी तहरीर में बताया कि बीते कल (5 अप्रैल) की रात करीब 10 बजे उनकी माता भगवती देवी पड़ोस में आयोजित एक संगीत कार्यक्रम से वापस लौट रही थीं। इसी दौरान उन्होंने देखा कि गाँव के ही कुछ दबंग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर कुलदीप के घर में घुस गए और उसकी पत्नी व पुत्रियों के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे थे।
आरोप है कि जब पीड़ित की वृद्ध माँ अपनी बहू और पोतियों को बचाने के लिए आगे आईं, तो हमलावरों ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आने के कारण वे लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गईं।
शोर सुनकर जब पीड़ित कुलदीप अपने घर पहुँचा, तो आरोपियों ने उस पर भी हमला बोल दिया। आरोप है कि इस दौरान हमलावर पक्ष के देवेश और सत्यप्रकाश ने कुलदीप पर तमंचा तान दिया और जान से मारने की नीयत से धमकाया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने किसी तरह बीच-बचाव कराकर पीड़ित परिवार की जान बचाई।
इस खूनी संघर्ष में पीड़ित कुलदीप, उसकी पत्नी, माँ और बेटियों को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित ने उघैती थाना पुलिस को शिकायती पत्र सौंपकर नामजद आरोपियों (सत्यप्रकाश, रामनाथ, मिथिलेश, ममता, अनीता, देवेश, अंकुर, संगीता, शिवानी, हिमांशी) के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
