बदायूं: गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं का टेंपो पलटा, 1 की मौत, 6 घायल।
बिल्सी, बदायूं 29 जुलाई ।
कछला गंगा घाट पर स्नान कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा टेंपो बुधवार को हादसे का शिकार हो गया। बिल्सी थाना क्षेत्र के वितरोई गांव के पास बाइक से टकराने के बाद टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक श्रद्धालु की मौके पर मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान रायपुर बुजुर्ग निवासी 65 वर्षीय सुरेश पाल सिंह तोमर के रूप में हुई है। हादसे में निर्मला देवी, कुंवर पाल सिंह, फूलचंद, लल्लू सिंह समेत 6 लोग घायल हुए हैं।
मृतक के पोते जितेश तोमर ने बताया कि दादा समेत कई लोग गंगा स्नान के बाद टेंपो से गांव वापस आ रहे थे। तभी यह हादसा हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पहले बिल्सी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


मुजरिया थाना प्रभारी विदेश शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
