खाड़ी युद्ध- ई-वाहनों की बिक्री ने पकड़ी रफ्तार, उमड़ रहे खरीदार।
बदांयू 6 अप्रैल।
पेट्रोल-डीजल की किल्लत व दामों में वृद्धि की अफवाहों के बीच जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग एकाएक बढ़ गई है। जिले के शोरूमों पर इलेक्टि्रक वाहन खरीदने वालों की भीड़ बढ़ गई है। लोग धड़ल्ले से ई-वाहन बुक करा रहे हैं।

एजेंसी स्वामी बताते हैं कि पिछले चार से पांच दिनों में ही करीब 145 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बिक चुके हैं, जबकि सामान्य दिनों में पूरे महीने में लगभग 200 वाहनों की बिक्री होती थी। अचानक मांग बढ़ने से कई शोरूम पर स्टॉक सीमित हो गया है और ग्राहकों को मनपसंद मॉडल के लिए इंतजार भी करना पड़ रहा है।
डीलरों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल को लेकर जिस तरह के हालात हैं, बाजारों में अफवाहें हैं, उसके मद्देनजर अब लोग ई-वाहन का विकल्प अपना रहे हैं। सस्ते और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प के रूप में ई-वाहन उनकी पसंद बन रहे हैं, ताकि आपातकालीन स्थिति में पैदल चलने की नौबत न आए।
इसके साथ ही कम मेंटेनेंस खर्च और सरकारी प्रोत्साहन योजनाएं भी लोगों को ई-वाहन खरीदने के लिए प्रेरित कर रही हैं। स्थिति यह है कि कई डीलरों ने कंपनियों को अतिरिक्त वाहनों की मांग भेज दी है, ताकि ग्राहकों की जरूरत को पूरा किया जा सके। विक्रेता आने वाले दिनों में ई-वाहहनों की मांग में और इजाफा होने की उम्मीद जता रहे हैं।
सामान्य रूप से नवरात्र के दौरान वाहनों की बिक्री पर जोर रहता है, लेकिन इस साल दोपहिया ई-वाहनों की बिक्री अधिक रही है। पहले कभी भी इतनी अधिक संख्या में दो पहिया ई-वाहनों की बिक्री नहीं हुई है, जितनी इस बार नवरात्र में हुई है। अनुमान है कि इस बार जिले में नवरात्र के दिनों में करीब 300 सामान्य पेट्रोल के और करीब 200 दोपहिया ई-वाहन बिके हैं।
पिछले करीब आठ दिन से ई-वाहनों के प्रति लोगों का रुझान बढ़ रहा है। पिछले चार दिन में तो बहुत अधिक संख्या में दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई है। हमारे पास अब स्टॉक भी लगभग खत्म है। कंपनी को डिमांड भेज दी गई है।
राकेश आहूजा, ई-वाहन विक्रेता।
मुझे एक वाहन खरीदना ही था, लेकिन वर्तमान में जिस तरह के हालात हैं, उसे देखते हुए इस समय ई-वाहन खरीदना ही फायदेमंद लग रहा है, क्योंकि अगर पेट्रोल की किल्लत होती है तो कम से कम बिजली से चार्ज कर वाहन को चलाया तो जा सकता है।
संजीव वर्मा, एक ई-व्हीकल के खरीददार।
-बदांयू एक्सप्रेस टीम।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

