बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव खौंसारा में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग किसान की छत से गिरकर मौत हो गई। वह अपने घर की छत पर चल रहे मरम्मत कार्य का जायजा लेने गए थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़े। गांव निवासी 60 वर्षीय गणेशराम पुत्र बिहारी लाल प्रजापति, जो पेशे से किसान थे। शनिवार शाम घर की छत पर हो रहे मरम्मत कार्य को देखने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे आ गिरे। हादसे में उनके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि हालत नाजुक होने के चलते देर रात करीब आधी रात को उन्होंने दम तोड़ दिया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

