ऑडिटोरियम बदायूं में योग कक्षा के दौरान प्रतिभाओं का सम्मान, बच्चों का मनाया गया जन्मदिन
बदायूं। शहर के ऑडिटोरियम में आयोजित योग कक्षा के दौरान दो प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर असिस्टेंट कमिश्नर पद पर चयनित अभय वर्मा तथा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय, बरेली में एसोसिएट प्रोफेसर पद पर चयनित अरुण प्रकाश सिंह को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में अभय वर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, माता-पिता के सहयोग और कठिन परिस्थितियों में हार न मानने के संकल्प को दिया। वहीं अरुण प्रकाश सिंह ने कहा कि हर कार्य भगवान को साक्षी मानकर करना चाहिए और माता-पिता धरती के भगवान होते हैं। उन्होंने अपने जीवन के संघर्षों का जिक्र करते हुए बताया कि कोरोना काल में उनके पिता का निधन हो गया और उनकी मां पैरालिसिस से पीड़ित हैं, इसके बावजूद परिवार के सहयोग से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने मां की सेवा को सबसे बड़ा पुनीत कार्य बताया।


कार्यक्रम के दौरान योग गुरु गिरधारी सिंह राठौर के सुपौत्र देवांश सिंह और मुकेश सारस्वत की पुत्री नैना सारस्वत का जन्मदिन भी मनाया गया। दोनों बच्चों से प्रतिज्ञा कराई गई कि वे प्रतिदिन सुबह उठकर अपने माता-पिता का सम्मान करेंगे और नमस्ते करेंगे। इसके बाद बच्चों ने गुरुकुल के विद्यार्थियों को फल, कॉपी और पेन वितरित किए।
योग कक्षा में जिला विकास अधिकारी अखिलेश चौबे, नायब तहसीलदार उदयवीर सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। योग गुरु गिरधारी सिंह ने कहा कि जनपद के सफल लोगों से समाज को प्रेरणा मिलती है और इससे योग के प्रचार-प्रसार को भी बल मिलता है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

