साइकिल पाकर खिल उठे मेधावी चेहरे, एस.के.बी. इंटर कॉलेज में वार्षिक परिणाम वितरण समारोह आयोजित
उघैती थाना क्षेत्र के गांव रियोनाई स्थित रियोनाई-खितौरा रोड पर श्री कालसेन बाबा मंदिर के सामने स्थित एस.के.बी. इंटर कॉलेज में वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरण समारोह उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल, शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम में खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के चेयरमैन महेश चंद्र सक्सेना, डायरेक्टर शेखर सक्सेना, पत्रकार रिंकू भारद्वाज एवं एमडी आशीष सक्सेना द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय परिवार ने सभी का आभार व्यक्त किया।
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में जूनियर वर्ग की मेधावी छात्रा उज्ज्वल शर्मा तथा प्राइमरी वर्ग के छात्र अंकित को साइकिल देकर सम्मानित किया गया। साइकिल पाकर दोनों छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
इसके अतिरिक्त ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ का खिताब जूनियर वर्ग की छात्रा अनुष्का और प्राइमरी वर्ग की छात्रा प्रिंसी यादव को दिया गया। दोनों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं सभी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी शील्ड और मेडल देकर पुरस्कृत किया गया।
शिक्षकों के उत्कृष्ट योगदान को भी कार्यक्रम में सराहा गया। कॉलेज प्रबंधन द्वारा जूनियर वर्ग के बेस्ट टीचर उमेश गुप्ता एवं प्राइमरी वर्ग की बेस्ट टीचर सोनम तोमर को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डायरेक्टर महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है और इसी के बल पर छात्र-छात्राएं अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों को निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। वहीं डायरेक्टर शेखर सक्सेना ने कहा कि विद्यार्थियों का उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम विद्यालय के शिक्षकों की मेहनत और बच्चों की लगन का परिणाम है। उन्होंने आशा जताई कि सभी छात्र-छात्राएं भविष्य में ऊंचाइयों को छुएंगे और देश सेवा में अपना योगदान देंगे।
समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। अभिभावकों ने भी बच्चों की उपलब्धियों पर गर्व जताया और विद्यालय प्रबंधन की सराहना की।
इस अवसर पर चेयरमैन महेश चंद्र सक्सेना, डायरेक्टर शेखर सक्सेना, एमडी आशीष सक्सेना, प्रधानाचार्या शिल्पी, ओम किशन शर्मा, जेपी सिंह, दिनेश माथुर, चेतन वार्ष्णेय, उमेश वार्ष्णेय, अंबिका चौहान, सोनम, अंजली, अंशिका, सिद्धार्थ, अर्पित सहित समस्त स्टाफ एवं अभिभावकगण मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com